मैं खुद को ऐसे लोगों में शामिल करती हूं जो अक्सर आसान रास्ते ढूंढते हैं। हालांकि छोटे शहर में पली-बडी पांरपरिक लङकी से अपेक्षित शर्तों को पूरा करने की बजाय जिद करके दिल्ली जाने, नौकरी करने और अपनी मर्जी से शादी करने के मेरे कारनामों को मुश्किल कदम करार दिया गया। लेकिन मेरे लिए मां-बाप के ढूंढे किसी उच्च-कुलीन, सुशिक्षित, संपन्न अजनबी से शादी करने की बजाय नौकरी ढूंढने का संघर्षपूर्ण विकल्प कहीं ज्यादा आसान था।
बहरहाल, आसानी ढूंढने की अपनी प्रवृति की वजह से मैं हमेशा मुश्किल सवालों से कतराती हूं, सामने भिङने से बचती हूं। राजनीतिक मसलों पर कोई ठोस वैचारिक दृष्टिकोण भी शायद इसीलिए नहीं बन पाया जिस पर आस्था रख कर तर्क-वितर्क कर सकूं। मैं एक मध्यमवर्गीय आम नागरिक हूं जिसे भले ही पेंचिदा बातों की बहुत ज्यादा समझ नहीं है। लेकिन मैं अपने को एक ईमानदार इंसान मानती हूं और कोशिश करती हूं कि अपनी बातों और कामों के बीच फर्क न रखूं। इसके अलावा सही और गलत के बीच के मूलभूत अंतर की भी थोङी-बहुत पहचान शायद मुझे है।
जीवन शब्द मुझे बहुत सुंदर लगता है। तमाम तरह की विषमताओं, दुखों, चिंताओं, दिक्कतों के बावजूद मनुष्य के अंदर जीने की जो ललक होती है वो मुझे हमेशा सम्मोहित करती रही है। विश्च इतिहास अमानवीय यातनाओं का साक्षी रहा है, हर बार मानव की जीजिविषा इस दुनिया को नारकीय गहराइयों से निकाल कर जीवन की सतह तक लाती रही है। युद्ध से बरबाद देशों के जले हुए घरों में जब फिर से जिंदगी सिर उठाने लगती है तो हारा हुआ मन आशा से फिर लहराने लगता है। वीरेन दा की पंक्तियां "पोथी-पत्रा, ग्यान-कपट से बहुत बङा है मानव" हमेशा ही मेरे विश्वास का आधार रही हैं। साहित्य और फिल्में भी मुझे ऐसी ही पसंद आती हैं जिनका अंत जीत के साथ हो, सुखद हो।
लेकिन पिछले कुछ अरसे से मन में एक उचाट भाव जैसे जम के बैठने लगा है। क्या जीवन की तल्खियां सचमुच में इतनी रूमानी होती हैं? मैं और मेरे जैसे लोग जो यातनाओं को किसी कवि, लेखक की सधी लेखनी से उकेरे मर्मस्पर्शी शब्दों के जरिए पहचानते है या फिल्म कला के पुरोधाओं द्वारा पर्दे पर दिखाई जाने वाली कहानियों के जरिए देखते हैं, क्या सचमुच समझ पाते हैं अमानवीयता को? निश्चित तौर पर हमें सहानुभूति होती है, मन उद्वेलित होता है लेकिन क्या जल्दी ही उसे भूल कर किसी ऐसी चीज की तलाश नहीं करने लगते तो हमें इस अहसास को भुला कर थोङा खुशमिज़ाज कर दे?
इसी हफ्ते एक टीवी चैनल पर गुजरात दंगों की सच्चाई पर एक कार्यक्रम देखा। ऐसा नहीं था कि गुजरात दंगों की वास्तविकता किसी से छुपी हुई है, दंगों के दौरान हैवानियत का नंगा नाच किस हद तक पहुंचता है वह भी सब जानते हैं, फिर भी हर बार जब भी कुछ ऐसा होता है हमारी संवेदनाओं को ऊपरी सतह पर कुछ उथल-पुथल तो होती ही है। कोफ्त होती है कि हमारे चुने हुए प्रतिनिधि ही किस तरह षणयंत्र रच कर हमें मरवाते हैं। गुस्सा आता है कि विपक्ष के नेता बजाय कुछ ठोस करने के लिए अपनी रोटियां सेंकने के जुगाङ ढूंढते हैं। आत्मग्लानी होती है कि हम कुछ नहीं कर पाए। ये सारे अहसास हमें होते हैं लेकिन फिर भी क्या हम सचमुच पीङितों के दर्द को महसूस कर पाते हैं?
शायद......शायद नहीं......पता नहीं......मुझे यह सवाल इसलिए ज्यादा शिद्दत के साथ परेशान कर रहा है क्योंकि आशीष ने मुझसे बातों-बातों में यूं ही यह पूछ लिया था। दरअसल जिस आशीष से मैंने शादी की है वो एक सिख परिवार से है। दंगों को लेकर वो बहुत ज्यादा संवेदनशील है क्योंकि ८४ में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए सिख विरोधी दंगों में उसके परिवार ने उसकी आंच काफी करीब से महसूस की। दंगाइयों की भीङ उनके घर पर धावा मारने के लिए आगे बढ रही थी, और तीन भाई अपनी पत्नियों और छोटे-छोटे बच्चों के साथ रुकती सांसों के साथ इंतजार कर रहे थे मौत का। आत्मरक्षा के लिए जो कुछ भी संभव था हाथ में लिए यह परिवार सोच रहा था कि मरना तो है ही तो लङ कर ही मरें। भीङ घर तक पहुंचने ही वाली थी कि किस्मत से सेना ने वहां पहुंच कर हालात काबू में कर लिए और एक घर जलने से बच गया। लेकिन सब इतने भाग्यशाली नहीं थे। कारोबारी तौर पर कई लोग पूरी तरह से बरबाद हो गए।
उस समय आशीष १४ साल का था और वो दिन आजतक उसकी स्मृति में पूरे आतंक के साथ अंकित है। आशीष के दो छोटे जुङवा भाई उस वक्त आठ साल के थे, उन्हीं दिनों जब वो अपने मौहल्ले के ही मैदान में खेल रहे थे तो उन्हीं की उम्र के उनके साथी तानेबाजी करते थे कि अबे ज्यादा मत बनना वरना तुम्हें भी काट डालेंगे जैसे सरदारों को काट रहे हैं सब जगह......ये कैसी मानसिकता है जो एक सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार के मासूम से बच्चे के मुंह से एक आतंकवादी की बोली बुलवाती है?
हालांकि मैंने दंगा नजदीक से नहीं देखा लेकिन भीङ मानसिकता किस कदर अतार्किक और खतरनाक हो सकती है इसका एक छोटा का अनुभव एक बार मैं भी कर चुकी हूं। २००३ मार्च में अपनी मां के अंतिम संस्कार के बाद मैं आशीष के साथ ट्रेन से दिल्ली लौट रही थी। मेरी बेटी तब गर्भ में थी, तन-मन दोनों से टूटी-हारी मेरे लिए ट्रेन का उस दिन का सफर एक भीषण यातना जैसा था। हल्द्वानी से चली गाङी जब मुरादाबाद स्टेशन पर पहुंची तो हमारे आरक्षित कूपे में जैसे एक भूचाल सा आ गया।
जय श्री राम का घोष करता देहाती से दिखने वाले लोगों का एक जत्था कूपे में घुस आया। वो लोग दिल्ली में विहिप की किसी राम रैली में हिस्सा लेने जा रहे थे। इसके बाद शुरू हुआ उनका हुङदंग, सोती हुई महिलाओं को जबरन उठा कर सीटों पर कब्ज़ा करने लगे। हम सभी लोगों ने प्रतिरोध करने की कोशिश की तो वे लोग धमका कर बोलने लगे राम के नाम पर आप इतना भी कष्ट नहीं उठा सकते, तभी तो राम के देश का यह हाल हो गया है। अगले कूपे में एक आदमी जब उनसे लङने पर आमादा हो गया तो उनमें से एक ने उसे चुपचाप अपने कपङों में छुपाया हुआ हथियार दिखा कर चुप कर दिया।
उसके बाद रास्ते भर वो लोग राम के प्रति अपनी आस्था के आधार पर अपनी करनी को न्यायसंगत करार देते रहे। एक बात जो मैंने गौर की वो ये कि वे लोग बिल्कुल आम लोग थे जो दूसरे दिनों को रोजी-रोटी के जुगाङ और घर-परिवार की चिंता में बिताते होंगे। फिर ऐसा क्या होता है कि एक गरीब आम आदमी आतंकवादी की सी हरकतें करने में कोई हिचकिचाहट महसूस नहीं कर पाता? फिर से वीरेनदा के ही शब्दों में ही " हमने यह कैसा समाज रच डाला है" ?
अब जब दंगों की बात होती है तो मैं उसे एक १४ साल के ऐसे लङके की नज़र से देखती हूं जो अपने मां-पिता और भाई-बहनों के साथ दंगाइयों की भीङ का इंतजार कर रहा है। तब कोई चीज़ जिसे नाम देना मेरे लिए मुश्किल है, मेरे अंदर मरती है। मानवता पर मेरा विश्वास बहुत स्थिर नहीं रह पाता और मेरे लिए इससे ज्यादा खतरनाक और डराने वाली कोई नहीं है।
यूं ही बस बैठे-बैठे लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
यूं ही बस बैठे-बैठे लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अक्टूबर 28, 2007
सदस्यता लें
संदेश (Atom)