सितंबर 26, 2010
राग और जोश
'raga'n josh' पढ़ते हुए लगता है कि जैसे घर भर के लोग किसी सर्द रात में गर्म रज़ाइयों में घुस कर किसी हंसोड़ मौसी या बुआ से पुराने किस्से सुन रहे हों। शीला धर का हास्यबोध इतने गज़ब का है कि कई बार आप हंस-हंस कर लोटपोट हो जाते हैं। कम से कम मुझे तो याद नहीं कि पिछली बार किस किताब को पढ़ कर मैं इतना हंसी होऊंगी। इससे यह मत मान लीजिएगा कि यह कोई हल्की-फुल्की मज़ाकिया किताब है, ऐसा बिल्कुल नहीं है। दरअसल यह किताब दो हिस्सों में हैं। पहला "Here's is someone I'd like you to meet" में उन्होंने दिल्ली के नंबर सेवन सिविल लांइस पते वाले घर में बीते अपने बचपन की बातों को याद करने के साथ-साथ संगीत की दुनिया के दिग्गजों के बारे में इतनी दिलचस्प बातें बताईं हैं जो कोई उन्हें बहुत करीब से जानने वाला ही बता सकता है। उन बातों को जानने में ऐसा ही रस मिलता है जो अक्सर घरों में एक-दूसरे के बारे में होने वाली गुप-चुप खुसफुसाहटों में मिलता है।
शीला जी की बातों की इस महफिल में कोई छोटे-मोटे लोग नहीं बल्कि खुद बड़े गुलाम अली खान, बुंदु खान, प्राण नाथ, बेगम अख्तर, सिद्देश्वरी, केसर बाई केरकर , भीमसेन जोशी और उनके उस्ताद फैयाज़ अहमद खान जैसे लोग शामिल हैं। शास्त्रीय संगीत का ककहरा भी जानने वाले लोग इन नामों का वज़न जानते हैं लेकिन शीला जी की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि उनकी बातों में ये सारे लोग अपने ईश्वरीय बढ़प्पन के साथ नहीं बल्कि पूरी मानवीय विशेषताओं के साथ आते हैं जो कभी उन्हें बहुत खास तो कहीं बिल्कुल आम लोगों जैसा बनाती हैं। जहां उनकी कमियां सामने आती हैं तो वो भी उन्हें किसी तरह से कमतर नहीं बल्कि और भी मानवीय बनाती हैं। इस जटिल सी बात को शीला जी इतनी प्यारी तरह से लिखती हैं कि पाठक को दाद देनी ही पड़ती है।
बचपन के अपने पारिवारिक जीवन के बारे में बताते हुए वह न केवल अपनी मां के दुखद दांपत्य जीवन का जिक्र करती हैं बल्कि एक तरीके से भारतीय घरों में औरतों की बंधनपूर्ण जीवन का खाका भी खींचती हैं। उनके जीवन में एक पिता हैं जो अपनी पत्नी को मामूली नैन-नक्श होने के चलते न केवल नापसंद करते हैं बल्कि कुछ हद तक क्रूरता भरा व्यवहार भी करते हैं और यह बात उनके तीनों बच्चे समझते हैं और दुखी होते हैं। पिता की बेरुखी की वजह से खाते-पीते संयुक्त परिवार में मां और बच्चों के साथ होने वाले उपेक्षा भरे व्यवहार को शीला जी समझती है और उसकी सामाजिक मनोवैज्ञानिक स्तर पर व्याख्या भी करती हैं। लेकिन इन्ही पिता का एक और रूप भी है जो संगीत की दुनिया में शीला जी के आगे बढ़ने की वजह भी बनता है। उनके पिता संगीत के न केवल अच्छे जानकार थे बल्कि उन्होंने अपनी युवावस्था में प्रसिद्ध विष्नु दिगंबर पलुस्कर जी से संगीत सीखा भी था। वह उन दिनों होने वाले प्रमुख संगीत उत्सवों के आयोजनों में पूरी सक्रियता से हर तरह का सहयोग देते थे। दिल्ली के कई संगीत और डांस संस्थाओं के लिए वह एक मजबूत स्तंम्भ थे। उन्होंने अपना घर संगीतज्ञों के लिए खुला छोड़ा था जिससे उस दौर के लगभग सभी बड़े कलाकार उनके यहां आ कर कई-कई दिन तक रहते थे। उन्हीं दिग्गजों की संगत में ही शीला जी ने शास्त्रीय संगीत का हाथ पकड़ा और आगे चल कर संगीत की दुनिया में अपना नाम किया।
बहरहाल अपनी इस किताब में वह बताती हैं बुंदु खान साहब के बारे में जो उनकी बचपन की यादों का अभिन्न हिस्सा रहे। उनकी जादुई सारंगी से उनके परिवार का हर उत्सव, हर त्यौहार रौनक रहता था। शीला जी याद करती है उनके भोले-निश्चल से व्यक्तित्व को जो अपनी महानता से पूरी तरह अनभिज्ञ था। एक दिन उनके परिवार ने देखा कि वह फूलों की क्यारी में लेट कर आंखे बंद कर पूरी तन्मयता से सारंगी बजा रहे हैं। पूछने पर वह भोलेपन से जवाब देते हैं कि बसंत का मौसम है इसलिए वह फूलों के लिए बजा रहे हैं।" देश के बंटवारे के बाद बुंदु खान पहले तो पाकिस्तान नहीं जाना चाहते थे लेकिन मजबूरन उन्हें जाना पड़ता है। उनकी भावपूर्ण विदाई का संस्मरण भी यहां है।
फिर बड़े गुलाम अली खान के बारे में लिखते हुए वह बताती हैं कि वह मांसाहारी खाने के कितने बड़े मुरीद थे, एक कार्यक्रम के लिए उनके दिल्ली आने पर उन्हें गलती से एक शाकाहारी घर में ठहरा दिया गया तो उन्होंने किस तरह खुद खाना बनाया और खाने के बाद तय कार्यक्रम से बहुत देर बाद आयोजन स्थल पर पहुंचे। शीला जी ने प्राण नाथ का बहुत आत्मीय विवरण दिया है वह कुछ समय तक उनके गुरु भी रहे थे। कैसे बहुत गरीबी के बाद वह अमेरिका पहुंचे और विदेश में अपना पूरा एक संगीत साम्राज्य उन्होंने तैयार किया यह सब इस किताब में हैं।
बेगम अख्तर और सिद्धेश्वरी दोनों ही उनकी करीबी थीं लेकिन आपस में व्यावसायिक प्रतिद्वंदिता रखती थी। लेकिन इन दोनों का बहुत ही लाड़ भरा परिचय शीला जी इस किताब में कराती हैं। एक बहुत ही मज़ेदार किस्सा सिद्धेश्वरी देवी की विदेश यात्रा के बारे में है जो बनारस की खांटी देसी महिला थीं।
बेगम अख्तर के बारे में कई रसभरे किस्से इसमें हैं। उनके अख्तरी बाई वाले दिनों से जुड़े रंगीन किस्से का भी इसमें जिक्र है। अपने उस्ताज फैयाज खान की गायकी के बारे में बताने के अलावा वह पाठकों को यह भी बताती हैं कि उनको पतंगे कितनी पसंद थीं। कहीं केसर बाई केरकर का जालंधर के नजदीक हरबल्लभ संगीत महोत्सव का गुणगान और फिर कई सालों बाद खुद शीला जी का इस विशिष्ट संगीत महोत्सव में भाग लेने का अनुभव है। कहीं भीमसेन जोशी की मदहोशी की चर्चा है।
संगीत के अलावा क्योंकि वह एक कामकाजी महिला और एक नौकरशाह की पत्नी भी थी तो उस जिंदगी से जुड़ी कुछ बहुत मज़ेदार यादें भी इस हिस्से में हैं, जिसमें एक में प्रकाशन विभाग में उनके गांधीवादी बॉस मोहन राव की शख्सियत के अलावा सिर्फ फाइलों में होने वाले सरकारी कामकाज पर एक बहुत ही सटीक कटाक्ष है। एक जगह गांधी फिल्म बनाने के सिलसिले में भारत आए रिचर्ड एटनबरो की मोहन राव के घर दक्षिण भारतीय खाने की दावत में हुई बुरी हालत का जिक्र है जहां पाठकों के लिए हंसी रोक पाना मुश्किल है।
उनके पति के दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनोमिक्स में नियुक्ति के दौरान विदेशी अर्थशास्त्रियों की पत्नियों का मनोरंजन करने का भार कभी-कभी शीला जी पर भी पड़ जाता था। ऐसे में भारतीय संगीत खासकर कर्नाटक संगीत के बारे में जानने की उत्सुक एक मिसेज हैंडरसन को शीला जी की संगत में क्या कुछ झेलना पड़ता है वह पढ़ कर ही समझ आता है।
शीला जी खुद स्वीकार करती हैं कि वह बहुत बढ़िया मिमिक्री कर लेती थी और अभिनय में उनकी बहुत दिलचस्पी थी। अब चूंकि उन्होंने कैरियर के लिए संगीत का रास्ता चुन लिया था तो अभिनय का अभ्यास वह वास्तविक परिस्थितियों में करती थीं। उनके पति श्रीमती इंदिरा गांधी के निजि सलाहकार थे तो इसलिए उन्हें अक्सर उनके साथ संभ्रांत प्रशासनिक अधिकारियों और सांसदों की पत्नियों के साथ सरकारी समारोहों में जाना होता था जहां का नितांत औपचारिक माहौल शीला जी को कतई रास नहीं आता था। उन निरस समारोहों को वह अपनी अभिनय कला से कम से कम अपने लिए तो बहुत सरस बना लेती थीं। कैसे? यह लंबा किस्सा है जानने के लिए किताब पढ़नी पढ़ेगी।
किताब के दूसरे हिस्से में शास्त्रीय संगीत के विषय में लिखे हुए उनके कुछ लेखों का संकलन है। लेकिन ये केवल तथ्य बताते निरस लेख कतई नहीं हैं बल्कि संगीत की बारिकियों को अपनी खूबसूरत भाषा में पिरो कर लिखी गई दिलचस्प बातें हैं। यहां रागों के रूप, उनकी बनावट, उनके मिजाज़ को ऐसे समझाया गया है जैसे किसी प्रियजन की बात हो रही हो। संगीत का मेरा ज्ञान बहुत ही सतही है उसके बावजूद मुझे ये लेख पढ़ने में बहुत मज़ा आया जो लोग संगीत जानते हैं उनके लिए यह किताब पढ़ना बहुत ही बढ़िया अनुभव होगा, इसका मुझे पूरा विश्वास है।
फिलहाल मैं इतनी प्रभावित कि बहुत कुछ और लिख सकती हूं लेकिन मुझे पता है कि मैं कितना भी लिखूं उसका अंशमात्र रस भी आप तक नहीं पहुंचा सकती। इसलिए संगीत की दुनिया में दिलचस्पी रखने वाले दोस्तों के लिए राय है कि यह किताब जरूर पढ़ें।
जुलाई 13, 2010
हम गरीब हैं लेकिन बहुत सारे!
बहुत साल पहले दिल्ली के अपने शुरुआती दिनों में एक हस्तशिल्प प्रदर्शनी में एक स्टॉल पर टंगा कुर्ता मुझे बहुत पसंद आया था। आमतौर पर खरीदारी से बेज़ारी के बावजूद वह कुर्ता मुझे इतना अच्छा लगा कि मैंने दाम भी पूछ लिए थे। बहरहाल तब कीमत बज़ट से बाहर लगी थी और मैंने वह नहीं खरीदा। लेकिन इतने सालों बाद मुझे यह बात अचानक याद आई और पता नहीं क्यों यह कचोट सी हुई मैंने वह कुर्ता क्यों नहीं खरीदा। दरअसल वह स्टॉल SEWA (Self Employed Women Association) का था। यह बात तो तब मुझे पता थी, लेकिन वह कुर्ता किन औरतों ने किन परिस्थितियों में किन उम्मीदों के साथ तैयार किया होगा इसका अंदाज़ा मुझे हाल ही इला आर. भट्ट की लिखी 'We are poor but so many' पढ़ कर हुआ। इस किताब को पढ़ना मेरे लिए एक अद्भुत अनुभव रहा।
गांधीवादी इला भट्ट ने अति गरीब वर्ग की कामकाजी महिलाओं को सेवा संस्था के रूप में न केवल एक मजबूत संठनात्मक रूप दिया बल्कि उन्हें बेहतर स्थितियों में सम्मानजनक जीवन जीने के अवसर प्रदान किए। किताब की प्रस्तावना में उन्होंने एक बहुत महत्वपूर्ण बात पर जोर दिया है वह यह कि आर्थिक सुधारों के केंद्र में अगर महिलाओं को रखा जाए तो बेहतरीन परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उनका मूलमंत्र है कि महिलाएं मजबूत और महत्वपूर्ण संगठन खड़ा करने में सक्षम हैं। महिलाएं अपने अनुभवों की मदद से समस्याओं के व्यवहारिक हल निकाल सकती हैं और ऐसा करते हुए वे समाज और पर्यावरण को सकारात्मक रूप से बदलती हैं जो सम्मानजनक, अहिंसक और आत्मनिर्भर है।
महिलाओं की क्षमताओं पर अपने विश्वास को उन्होंने सच साबित करके भी दिखाया। आज देश भर में फैली सेवा से जुड़ी विभिन्न कार्यक्षेत्रों में सक्रिय सात लाख से अधिक महिलाएं न केवल अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं बल्कि प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से देश की अर्थव्यवस्था में भी अपना योगदान दे रही हैं। इला जी की यह किताब इन्हीं जीवट महिलाओं की कहानी है। यह वही महिलाएं हैं जिनके काम को सरकारी तंत्र पहले काम का दर्ज़ा देने तक से इनकार करता था। इला जी ने अपने प्रयासों से असंगठित रूप से विभिन्न क्षेत्रों में होने वाले इन कामों को चिन्हित कर सबसे पहले विशेष रूप से महिला श्रम संगठन बनाया। यह कदम महिला अधिकारों के क्षेत्र में मील का पत्थर है।
अपनी इस किताब में इला जी ने बहुत प्रभावी तरीके से गरीब कामकाजी महिलाओं की आर्थिक सामाजिक परिस्थितियों का वर्णन किया है। सेवा संस्था की शुरुआत अप्रैल 1972 में शहरी क्षेत्र की अति गरीब कामकाजी महिलाओं के बीच हुई, लेकिन उसका कार्य क्षेत्र बाद में ग्रामीण इलाकों में भी फैल गया। आज यह संस्था गुजरात के अलावा बहुत से अन्य राज्यों में सक्रिय है और लाखों महिलाओं को जीने का हौसला और रास्ता दिखा रही है।
'We are poor but so many' पढ़ना कम से कम मेरे लिए एक आंख खोल देने वाला सा अनुभव रहा। इसमें कपड़ा मिलों से कूड़े के रूप में निकलने वाली चिंदियां बीनने, उन चिंदियों को सिल कर कपड़े तैयार करने, कबाड़ बीनने, रेहड़ी लगा कर सब्जी बेचने जैसे श्रमसाध्य काम करने वाली महिलाओं के संघर्षपूर्ण जीवन का चित्रण झकझोर देता है। पेट की आग बुझाने के लिए शहरों की ओर पलायन करने वाले दिहाड़ी मज़दूर परिवार, उनकी महिलाएं, बच्चे किन हालातों में रहते हैं, कैसे एक-एक दिन का जीवन जीने की लड़ाई लड़ते हैं या कच्छ के सूखेपन को कड़ाई के रंगीन धागों से सजाने वाली महिलाओं को घर से निकल कर अपनी कला को बाजार तक पहुंचाने की जद्दोजहद में परिवार के किन दबावों को झेलना पड़ा, उन सब का जीवंत खाका इस किताब में है। रन ऑफ कच्छ के वीरान तटीय इलाके में नमक बनाते परिवारों की आर्थिक जद्दोजहद बहुत साफ तरीके से समझा देती है कि देश की आर्थिक नीतियों में बहुत सारे तबके हाशिए पर ही रह गए हैं। हाशिए पर खड़ी महिला श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाने की कोशिशों की कहानी है यह किताब।
प्रस्तावना में ही एक और बहुत ही महत्वपूर्ण पहलू की ओर ध्यान दिलाते हुए इला जी ने सांप्रदायिक दंगों को गरीबों का सबसे बड़ा दुश्मन करार दिया है। अपने अनुभवों के आधार पर उनका मानना है कि किसी भी दूसरे कारणों की तुलना में सांप्रदायिक वैमनस्यता गरीबों पर बहुत बेरहमी से मार करती है। सेवा में काम करने के दौरान इला जी ने इस बात को पूरी शिद्दत से महसूस किया कि दंगों की आंच सबसे ज्यादा सबसे गरीब और कमजोर तबके को जलाती है। जरा कल्पना कीजिए उस महिला के दर्द को जो कई साल की मेहनत के बाद सेवा बैंक से कर्ज़ ले कर रहने के लिए एक छोटा घर बनाती है जो एक ही रात में दंगे की भेंट हो जाता है या उस औरत का दुख जिसकी कमाई का साधन कर्ज़ पर ली गई सिलाई मशीन दंगाइयों की मशाल के हवाले हो जाए। यह सच्ची दुनिया की कहानियां हैं जिन्हें इला जी ने इस किताब के जरिए सुनाने की कोशिश की है।
यह किताब महिलाओं के बीच किए गए उनके कामों का लेखा-जोखा होने के साथ हमारे समाज के जटिल खांचे को समझने के लिए एक बहुत अच्छी अध्ययन सामग्री है। इला जी ने बहुत ही संवेदनशील तरीके से राजनीति, अर्थव्यवस्था और जातिगत भेदभाव में लिपटी हमारी सामाजिक व्यवस्था के ताने-बाने को बहुत पैनेपन के साथ देखा, समझा और फिर कामकाजी गरीब महिलाओं को साथ ले कर उन्हीं के अनुभवों की मदद से आगे बढ़ने के रास्ते बनाए।
आज के दौर में हर कोई माइक्रोफाइनेंस की बात करता है लेकिन इलाजी ने कई साल पहले ही इसकी संभावना को पहचान लिया था और उसी का परिणाम था सेवा बैंक। इस बैंक की स्थापना ने कई मायनो में कई मिथकों को तोड़ा। बिल्कुल निचले आर्थिक तबके की महिलाओं की छोटी-छोटी बचत एक बैंक का मजबूत आधार बन सकती है यह बात ही अपने आप में अनूठी थी। अनिश्चित कमाई वाली महिला श्रमिकों पर भरोसा करके बैंक खोलने जैसा बड़ा कदम उठाना इला जी की मजबूत इच्छाशक्ति को दिखाता है। आर्थिक सलाहकारों ने इस फैसले को बेवकूफी भरा करार दिया था, लेकिन आज सेवा बैंक की सफलता सबके सामने है। सेवा बैंक से ऐसी महिलाओं को कर्ज़ मिलता है जिन्हें मुख्यधारा के बैंक कर्ज़ देना तो दूर आस-पास भी न फटकने दें।
यह किताब हमारे समाज के इतने सारे पहलुओं को छूती हुई निकलती है कि इसे संपूर्णता के साथ ले कर समीक्षा कर पाना मेरे लिए मुश्किल हो रहा है। इस किताब के बारे में एक समीक्षक का कहना है कि, ' अगर आपको प्रेरणा लेनी है तो यह किताब पढ़िए। अगर आप जानकारी चाहते हैं तो यह किताब पढ़िए और अगर आप गरीबों को संगठित कैसे किया जाए यह जानना चाहते हैं तो यह किताब पढ़िए।' मुझे लगता है कि देश को समझने और उसे बेहतर बनाने की नियत रखने वाले हर जागरूक नागरिक को यह किताब पढ़नी चाहिए।
अक्टूबर 13, 2007
थ्री कप्स आफ टी यानी तीन कप चाय
मेरा मानना है कि तमाम दिक्कतों के बावजूद जिन्दगी इतनी खूबसूरत है कि हर वक्त इसमें खामियां निकाल कर दुखी होना अपने होने के साथ नाइंसाफी है। पूरी दुनिया बदलने की जगह जितना हमारे बस में है उसे ही सुधारा जाए तो शायद हम एक खुश जिंदगी जीने के बाद एक संतुष्ट इंसान की तरह मर पाएं।
हाल में ग्रेग मार्टसन और डेविड ओलिवर रेलिन की किताब थ्री कप्स ऑफ टी पढ़ कर मुझे दुनिया को रहने लायक बनाने की अपनी उपरोक्त थ्योरी पर विश्वास और भी मजबूत हुआ। यह किताब कहानी नहीं है बल्कि एक अमेरिकी ग्रेग मार्टसन द्वारा पाकिस्तान और अफगानिस्तान के कठिन भौगोलिक स्थितियों वाले सीमांत इलाकों में प्राथमिक शिक्षा के लिए गए असाधारण प्रयासों का दिलचस्प और प्रेरणास्पद ब्यौरा है।
मिशनरी माता-पिता की संतान ग्रेग मार्टसन का बचपन तंजानिया में बीता। अमेरिका लौटने के बाद उन्होंने काम के लिए चिकित्सा क्षेत्र चुना और कुछ साल फौज में भी बिताए। लेकिन उनका मन रमता था पहाङों की ऊँचाईयाँ फतह करने में।
अपनी विक्षिप्त बहन क्रिस्टा के मौत के बाद ग्रेग ने मन बनाया कि हिमालय की के-२ चोटी को फतह कर शायद वह अपनी प्रिय बहन को श्रद्धांजलि दे पाएंगे। इसी उद्देश्य से १९९३ में उन्होंने के-२ आरोहण शुरू किया लेकिन कुछ कारणों से उनका यह अभियान नाकामयाब रहा। निराश ग्रेग लौटते हुए रास्ता भटक कर कोरफी नाम के एक गांव में पहुंचते हैं जो विकास के लिहाज से बहुत पिछङा हुआ है। और यहीं से शुरू होता है उनका नया और सार्थक अभियान। पाकिस्तान के सीमावर्ती बाल्टी क्षेत्र के इस गाँव के लोगों का निश्चल अपनापन उन्हें वहाँ के लिए कुछ करने को प्रेरित करता है और वह वहाँ एक स्कूल बनाने का वादा करते हैं। कोरफी गांव की दूरुह भौगोलिक परिस्थितियों और ग्रेग की अपनी आर्थिक हालत को देखते हुए वहाँ स्कूल बना पाना असंभव न भी सही मुश्किल जरूर था।
ग्रेग मार्टसन कैसे उन मुश्किलों से पार पा कर न केवल कोरफी में बल्कि उस कठिन इलाके के और भी गांवों में भी स्कूल खोल पाने में सफल रहे, थ्री कप्स आफ टी उसी की कहानी है। शिक्षा के क्षेत्र में उनका यह अभियान पाकिस्तान व अफगानिस्तान के उन इलाकों के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य पर कैसा सकारात्मक असर डाल रहा है, यह उसकी कहानी
मार्टसन का काम अब भी जारी है। सच्ची परिस्थितियों के बीच सकारात्मक सोच के साथ किए जा रहे कामों, ग्रेग मार्टसन की व्यक्तिगत जिंदगी और अपने उद्देश्यों को पूरा करने के लिए उनके संघर्षों का पूरा वर्णन इतना रोचक है कि मेरे लिए इसे एक बार शुरू करने के बाद पूरा किए बिना रख पाना मुश्किल था।किताब पढने के बाद लगता है कि अगर चाह हो तो राह निकल ही आती है, बात बस इतनी सी है कि आपकी चाह में शिद्दत कितनी है।